नई दिल्ली, 25 नवम्बर 2013 :: दिल्ली के प्रगति मैदान में चल रहे भारतीय अंतर्राष्ट्रीय व्यापार मेले में झारखण्ड दिवस उद्घाटन, हंसध्वनि थियेटर में मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने किया। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने दिल्ली ट्रेड फेयर 2013 में शामिल होने वाले सभी राज्यों के विभिन्न जगहों पर लगे स्टालों में उनके हुनर एवं कार्य प्रगति की सराहना करते हुए कहा कि ट्रेड फेयर विभिन्न राज्यों में होने वाले विकास को प्रदर्शित करने का अच्छा मंच है। उन्होंने कहा कि झारखण्ड राज्य भी इस मेले में राज्य के अपने विकास को प्रदर्शित कर रहा है। अगले वर्ष हम इस वर्ष से ज्यादा अच्छा प्रदर्शन करेंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखण्ड प्रदेश अपनी खनिज सम्पदा और कला संस्कृति के लिए पूरे देश में अलग पहचान रखता है। प्रदेश केे विकास के लिए सभी वर्ग के लोगों को एक साथ मिल कर चलना होगा। हम आशा करते हैं कि आने वाले वर्षों में राज्य कई क्षेत्रों में अपना इतिहास लिखेगा।
इस अवसर पर झारखण्ड के उद्योग मंत्री चंपई सोरेन ने कहा कि उद्योग और संस्कृति में हमारी विशिष्ट पहचान है। हम संतुलित विकास की अपनी पहचान को और सुदृढ़ करेंगे।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, उद्योग मंत्री चम्पई सोरेन, मंत्री योगेन्द्र साव, मुख्य सचिव आर० एस० शर्मा, अतिरिक्त मुख्य सचिव ए० के० पांडे, मुख्य मंत्री के राजनीतिक सलाहकार हिमांशु शेखर चैधरी, सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग के सचिव एम० आर० मीणा, उद्योग सचिव वंदना डाडेल, उद्योग निदेशक हिमानी पाण्डे, निदेशक जनसम्पर्क ए० के० पाण्डे, तथा प्रदेश के अन्य वरीय पदाधिकारी उपस्थित थे। कार्यक्रम की शुरुआत भगवान बिरसा मुंडा को श्रद्धा सुमन अर्पित तथा दीप प्रज्वल्लित कर की गई।
इस अवसर पर सूरज टुडू का बाणम, फिरताल नृत्य, केडिया बंधु का सितार वादन, खरसावा छऊ नृत्य, संथाल नृत्य, पाइका नृत्य आदि पारम्परिक नृत्य शैलियों का प्रदर्शन किया गया।
Source :: IPRD, Jharkhand