रांची, झारखंड | मई | 05, 2016 :: पीएचडी चैंबर के प्रतिनिधिमंडल ने राष्ट्रीय अध्यक्ष डाॅ महेश गुप्ता के नेतृत्व में आज मुख्यमंत्री रघुवर दास से मुलाकात की। प्रतिनिधि मंडल में पी.एच.डी. चैंबर के राष्ट्रीय महासचिव सौरभ सान्याल, प्रदेश उपाध्यक्ष पवन बजाज के अलावा डाॅ.विष्णु राजगढि़या एवं जेएन सिंह शामिल थे। बैठक में मुख्यमंत्री के सचिव सुनील बर्णवाल भी मौजूद थे।
पीएचडी चैंबर के राष्ट्रीय अध्यक्ष महेश गुप्ता ने मुख्यमंत्री को बताया कि यह संस्था 110 साल पुरानी है तथा देश के अधिकांश राज्यों में इसकी शाखा है। पीएचडी चैंबर ने मध्यम एवं लघु उद्यम के क्षेत्र में विशेष भूमिका निभायी है। श्री गुप्ता ने झारखंड के औद्योगिक विकास एवं निवेश को बढ़ावा देने संबंधी उपायों की चर्चा करते हुए खास तौर पर कृषि एवं बागवानी के क्षेत्र में सहयोग का प्रस्ताव दिया। उन्होंने कृषि एवं बागवानी के क्षेत्र में नयी तकनीक एवं मशीनरी को बढ़ावा देने की में भी सहयोग की पेशकश की। मुख्यमंत्री ने इन प्रस्तावों का स्वागत करते हुए राज्य के विकास में सामाजिक एवं व्यावसायिक संस्थाओं की भूमिका पर जोर दिया। इस दौरान राज्य में सबको आवास प्रदान करने संबंधी प्रयासों, कौशल विकास, नये बिल्डिंग बायलाॅज के प्रावधानों को सख्ती से लागू करने, हर क्षेत्र में सिंगल विंडो सिस्टम को मजबूत करने पर भी चर्चा हुई। प्रतिनिधिमंडल ने झारखंड को इज आॅफ डुइंग बिजनेस में तीसरा स्थान पाने के लिए मुख्यमंत्री को बधाई दी। पीएचडी चैंबर के प्रतिनिधिमंडल में उद्योग विभाग के अपर मुख्य सचिव उदय प्रताप सिंह से भी मुलाकात करके राज्य में निवेशक सम्मेलन में सहयोग का प्रस्ताव रखा। श्री सिंह ने झारखंड के साथ ही देश के अन्य प्रमुख शहरों में भी इनवेस्टर मीट की संभावनाओं पर चर्चा की।