राँची, झारखण्ड 14 मार्च 2015 :: झारखण्ड के मुख्यमंत्री रघुवर दास ने आज हरमू नदी के जीर्णोध्दार एवं संरक्षण कार्य का शिलान्यास करते हुए कहा कि लोकतंत्र की शक्ति जनता में निहित है। लोकतंत्र की मूलभूत पहलू है जागते रहना और लोगों को अपने कर्तव्यों और अधिकारों के प्रति जागरूक करना। नदियों, जलस्रोतों को बचाना हम सब की नैतिक जिम्मेवारी है। रांची शहर के लिए हरमू नदी को बचाना होगा। उन्होंने रांची शहर को सुन्दर-स्वच्छ बनाने में सभी लोगों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि हरमू नदी के जीर्णोध्दार कार्य में सभी लोग सहभागी बनें तथा सामुदायिक तौर पर नदी के जीर्णोध्दार एवं संरक्षण कार्यो की निगरानी करें। उन्होंने हरमू नदी के अस्तित्व की रक्षा हेतु मीडिया द्वारा चलाए गए अभियान की सराहना करते हुए कहा कि हरमू नदी के संरक्षण हेतु आगे आए जनसंगठनों का प्रयास सराहनीय है। वे आज स्थानीय विद्यानगर के करम चौक पर हरमू नदी के जीर्णोध्दार एवं संरक्षण कार्य की शुरूआत कर रहे थे।
हरमू नदी रांची शहर की लाईफ लाइन है इस नदी का संरक्षण आवश्यक है। रांची को राजधानी के अनुरूप व्यवस्थित एवं आकर्षक शहर बनाने के लिए सरकार प्रयासरत है। रांची शहर को साफ एवं सुंदर बनाने में सिर्फ सरकार ही नही बल्कि यहां के आमजनों की सहभागिता भी महत्वपूर्ण है। झारखण्ड राज्य के पारम्परिक जलश्रोतों, नदियों, तालाबों, झरनों को बचाना है एवं यहाँ की पारिस्थिति को संरक्षित रखना है। इसके लिए नदियों तालाबों की सार्वजनिक-सामुदायिक जमीन के अवैध कारोबार करने वाले लोगों पर लगाम कसी जा रही है। जमीन से जुड़े सारे कागजात-दस्तावेज ऑनलाइन किये जा रहे हैं। ऑनलाइन दाखिल-खारिज को अभियान के तौर पर लिया गया है ताकि भूमि से संबंधित मामलों में अनावश्क विवाद नहीं पैदा हो और सीधे-साधे लोग इस राज्य में जमीन माफिया के ठगी के शिकार न हों। हरमू नदी को अपने स्वरूप में लाने के लिए हो सकता है कि अवैध कब्जा धारियों को अपनी जगह से हटना पड़े। बेघरों को घर देना सरकार की जिम्मेदारी है। रांची के सौन्दर्यकरण कार्य हेतु अगर किन्ही परिवारों को विस्थापित होना पड़े तो सरकार पहले उनके पुनर्वास की व्यवस्था करेगी तभी वे विस्थापित होंगे।मुख्यमंत्री श्री दास ने कहा कि आज का दिन रांचीवासियों के लिए महत्वपूर्ण दिन है। हरमू नदी का जीर्णोध्दार एवं संरक्षण का कार्य आज से शुरू हो रहा है जिसका इंतजार लोगों को पिछले कई वर्षों से था। उन्होंने कहा सरकार का काम विकास योजनाओं की नीति बनाना है लेकिन विकास कार्यो का कार्यान्वयन की देख रेख करना आमजनों की जिम्मेदारी है। विकास कार्यों में आमजनों का सहयोग आवश्यक है। राज्य में होने वाले विकास कार्य समय सीमा के अंदर पूरे हो यह सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा राज्य की जनता तीव्र विकास चाहती है और सरकार उनके विष्वास और उम्मीद पर खरा उतरेगी। उन्होंने कहा राज्य में पारदर्षी सुषासन देने के लिए सरकार कटिबध्द है। आने वाले पांच वर्षो में झारखण्ड राज्य के शहर एवं गांवों को विकसित करना सरकार का लक्ष्य है। गांवों एवं सुदूरवर्ती क्षेत्रों में सड़क,बिजली,पानी आदि मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की जिम्मेदारी है।
हरमू नदी के जीर्णोध्दार एवं संरक्षण कार्य के शिलान्यास के मौके पर राज्य के नगर विकास मंत्री सी.पी. सिंह ने कहा कि मुझे पूरा विष्वास है कि 30 महीने बाद इसका उदघाटन भी होगा। उन्होंने कहा राज्य सरकार चाहती है कि विकास कार्य तीव्र गति से हों। हरमू नदी के जीर्णोध्दार एवं संरक्षण कार्य सरकार के द्वारा उठाया गया महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि स्वच्छ रांची और सुंदर रांची का निर्माण करना सरकार का लक्ष्य है । उन्होंने कहा मैं उन्हें धन्यवाद देता हूं जिन्होंने हरमू नदी बचाओ आंदोलन में संघर्ष किया आज इसी संघर्ष का परिणाम हम सब के सामने है। हरमू नदी को पुराने स्वरूप में लाने के लिए राज्य सरकार 85 करोड़ रूपये खर्च करेगी।
शिलान्यास के अवसर पर हटिया के विधायक नवीन जायसवाल, कांके विधायक डा. जीतूचरण राम, उप महापौर संजीव विजयवर्गीय, नगर आयुक्त प्रशांत कुमार सहित संबंधित विभाग के वरीय अधिकारीगण एवं बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित थे। रांची की महापौर श्रीमती आशा लकड़ा ने धन्यवाद ज्ञापन किया। स्वागत सम्बोधन नगर विकास सचिव अजय कुमार सिंह का था।